छुटमलपुर में चोरी की वारदातों की भरमार, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

गाय, गोदाम का सामान, मंदिरों व दुकानों से हजारों का माल पार

शहरी चौपाल ब्यूरो 

छुटमलपुर। कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत और रोष व्याप्त है। आए दिन चोर किसी न किसी को निशाना बना रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक किसी भी बड़ी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है। सभी घटनाओं की तहरीर बड़कला चौकी में दी गई है, लेकिन कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

सोमवार रात फतेहपुर की कलसिया रोड पर हबीब के मकान से खूंटे से बंधी गाय चोरी कर ली गई। वहीं सहारनपुर रोड स्थित गंदेवड़ा निवासी नईम अहमद के गोदाम से चोर दीवार फांदकर पुराने फ्रिज के करीब सात कंप्रेसर, एल्युमिनियम के गेट, एंगल और इनवर्टर की बैटरी चोरी कर ले गए। ग्राम नानका में शक्ति राणा के ट्यूबवेल से कटआउट और विद्युत केबल चोरी होने की घटना भी सामने आई है।

इससे पूर्व हुसैनपुर नवादा में महिपाल के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी कर ली गई थी। खान मार्केट में दुकानदारों की सौर ऊर्जा प्लेट्स से विद्युत केबल काट ली गई। हाईवे किनारे ग्राम रसूलपुर अड्डा स्थित सावेज की वेल्डिंग की दुकान का पीछे से शटर तोड़कर वेल्डिंग मशीनें व कॉपर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया।

आर्य नगर कॉलोनी स्थित खेड़ा मंदिर और विश्वकर्मा धर्मशाला के शिव मंदिर से भी हजारों रुपये का कीमती सामान चोरी कर लिया गया। हरिजन कॉलोनी निवासी नाजरीन से मुस्लिम कॉलोनी मार्केट में ईद का सामान खरीदते समय पर्स से 2700 रुपये नगद व सोने की एक बाली चोरी कर ली गई, जबकि बेहड़ा संदल सिंह निवासी एक महिला के पर्स को काटकर 5600 रुपये निकाल लिए गए।

लगातार हो रही वारदातों से कस्बेवासियों में रोष है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने शीघ्र खुलासे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य