शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। बुधवार को दुल्हेंडी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बच्चों से लेकर युवाओं तक में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस वर्ष होली पर चंद्र ग्रहण का साया होने के कारण होलिका दहन के एक दिन बाद रंग खेला जाएगा।
महानगर से लेकर देहात क्षेत्रों तक होली की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद सड़क किनारे सजी दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। देर शाम तक रंग, गुलाल और पिचकारी खरीदने के लिए बाजारों में रौनक बनी रही।

बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मोटू पतलू और अन्य कार्टून पात्रों वाली पिचकारी के साथ टैंक वाली पिचकारी की भी खूब मांग रही। रंग पर्व को लेकर हर वर्ग में उमंग का माहौल है।
हुलियारों की टोलियां लोगों को रंग में सराबोर करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मंगलवार को भी बच्चे दिन में राहगीरों पर रंग और पानी डालते नजर आए, जबकि युवाओं ने अपने दोस्तों के साथ अलग-अलग स्थानों पर रंग खेलने की योजना बनाई है।

महानगर की कई कॉलोनियों में सार्वजनिक होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए पहले से ही तैयारियां कर ली गई हैं। पैरामाउंट कॉलोनी, शिवाजी नगर, दीप विहार, पंत विहार, नुमाइश कैंप, शारदा नगर और नवीन नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक रूप से दुल्हेंडी मनाई जाएगी।
प्रशासन द्वारा भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।








