सीएम योगी ने काला चश्मा पहन खेली होली, नृसिंह शोभायात्रा को किया रवाना

मर्यादा, भक्ति और समरसता को बताया सनातन धर्म की शक्ति

शहरी चौपाल ब्यूरो 

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के पावन अवसर पर घंटाघर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और होलिकोत्सव समिति द्वारा आयोजित भगवान नृसिंह की रंगभरी शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने काला चश्मा पहनकर होली खेली और उपस्थित जनसमूह पर पुष्पवर्षा व गुलाल उड़ाकर उत्सव में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मानव जीवन में मर्यादा, जीवंतता, भक्ति और समरसता ही सनातन धर्म की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि उन्हें गर्व होना चाहिए कि उत्तर प्रदेश में ऐसे सभी प्रमुख विरासत स्थल मौजूद हैं, जो इन मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उन्होंने देश में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर बल देते हुए काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर, महाकाल लोक, केदारनाथ धाम, सोमनाथ मंदिर, जगन्नाथ मंदिर पुरी और रामनाथस्वामी मंदिर जैसे तीर्थस्थलों के पुनरुद्धार कार्यों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है। इन प्रयासों से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना साकार हो रही है और देश सांस्कृतिक एकता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को भारत की आत्मा बताते हुए कहा कि अयोध्या मर्यादा का संदेश देती है, काशी शाश्वत चेतना का प्रतीक है, मथुरा-वृंदावन भक्ति का केंद्र है और प्रयागराज का त्रिवेणी संगम सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने समाज को विभाजित करने वाले संकीर्ण विचारों से सावधान रहने और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष है। संघ को विश्व का सबसे बड़ा सांस्कृतिक संगठन बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित किया है तथा संघ से अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान नृसिंह का विधि-विधान से पूजन कर आरती उतारी। उन्होंने नारियल, गुझिया, अबीर और गुलाल अर्पित किए। इसके बाद होली खेलते हुए उपस्थित लोगों पर पुष्प पंखुड़ियां और रंग उड़ाए, जिससे पूरा परिसर रंगों से सराबोर हो गया और उत्साह का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांति, समरसता और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य