सहारनपुर फार्म हाउस हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई

25 हजार का इनामी शक्ति सिंह ठाकुर गिरफ्तार, शिवम राणा हत्याकांड के बाद से था फरार

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जिले के बहुचर्चित फार्म हाउस हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित एवं 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी शक्ति सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि शक्ति सिंह ठाकुर राजपूत करणी सेना का उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष भी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 8 फरवरी 2026 की है। वादी प्रदीप राणा की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि कई नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों ने बिहारीगढ़ क्षेत्र में चल रही एक बैठक के दौरान जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस गोलीबारी में वादी के पुत्र शिवम राणा, मनीष और योगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान शिवम राणा की मृत्यु हो गई थी।

इस संबंध में थाना बिहारीगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें शक्ति सिंह ठाकुर, विकास उर्फ विक्की राणा समेत चार लोगों को नामजद किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फरारी के दौरान शक्ति ठाकुर द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर स्वयं को निर्दोष और साजिश का शिकार बताया गया था।

वन विभाग चेकपोस्ट के पास से गिरफ्तारी

पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। हाल ही में घटना में नामजद अजय राणा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में पुलिस ने सहारनपुर के गणेशपुर से मोहंड मार्ग पर वन विभाग की चेकपोस्ट के पास से मुख्य आरोपी शक्ति सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से सुल्तानपुर का निवासी है और वर्तमान में देहरादून जनपद के पटेलनगर थाना क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सुनील वर्मा और पंकज शर्मा के बीच प्लाटिंग के पैसों और शिवालिक क्षेत्र में दो बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 8 फरवरी को पंकज शर्मा के किराए के कॉटेज पर दोनों पक्षों की बैठक बुलाई गई थी।

दो अन्य आरोपी अब भी फरार

पुलिस के अनुसार, बैठक के दौरान कहासुनी बढ़ने पर सुनील वर्मा, विक्रांत ठाकुर, अजय राणा, विकास उर्फ विक्की राणा, सलमान और अन्य लोगों के साथ मिलकर आरोपी ने फायरिंग की, जिसमें तीन लोग घायल हुए और शिवम राणा की मौत हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत हैं और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

फार्म हाउस हत्याकांड में हुई इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य