ईरान–इस्राइल तनाव की खबरों से जिले में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़

तेल की कमी और दाम बढ़ने की आशंका से वाहन चालकों ने भरवाई टंकियां, किसानों ने ड्रमों में किया डीजल का भंडारण

शहरी चौपाल ब्यूरो 
शामली। ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बाद जिले में पेट्रोल और डीजल को लेकर लोगों में आशंका का माहौल बन गया है। तेल की कमी या दाम बढ़ने की अफवाहों के चलते गुरुवार को सुबह से लेकर देर रात तक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में वाहन चालक अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करवाते नजर आए।
हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि फिलहाल तेल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और न ही अभी तक दाम बढ़ने की कोई आधिकारिक सूचना मिली है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है।


चौसाना क्षेत्र में भी बढ़ी भीड़
चौसाना क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भी युद्ध जैसे हालात की खबरों के बाद अचानक भीड़ बढ़ गई। बाइक और कार चालकों ने अपनी गाड़ियों की टंकियां पूरी भरवाईं। एक पेट्रोल पंप पर डीजल समाप्त हो जाने के कारण दूसरे पंप पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
सामान्य दिनों में कई लोग 50 या 100 रुपये का पेट्रोल डलवाते हैं, लेकिन गुरुवार को अधिकांश वाहन चालकों ने टंकियां पूरी भरवाईं। वहीं किसानों ने भी ट्रैक्टरों के साथ-साथ ड्रमों में डीजल भरवाकर उसका भंडारण करना शुरू कर दिया।
अफवाहों से बना भ्रम का माहौल
पेट्रोल पंप संचालक शाहिद ने बताया कि अभी तक डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव की खबरों और अफवाहों के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई है, जिसके चलते पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य