शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। अपनी माटी से लगाव और बचपन की यादों ने आखिरकार दो सगे भाइयों को सेवानिवृत्ति के बाद फिर गंगोह पहुंचा दिया। विद्युत विभाग से एससी पद और ओएनजीसी से सीनियर इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हुए अतुल तायल और विकास तायल ने अपने पुराने शिक्षण संस्थान एचआर इंटर कॉलेज का दौरा कर पुरानी यादें ताजा कीं।
दोनों भाई कॉलेज परिसर पहुंचे और संस्थापक लाला केदारनाथ तथा पूर्व प्रधानाचार्य प्रेमचंद गोयल की प्रतिमाओं के समक्ष नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने स्वर्ण जयंती हॉल में तत्कालीन कला प्रवक्ता मित्रसैन भटनागर द्वारा बनाए गए ऐतिहासिक व प्रेरणादायी भित्ति चित्रों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।
कॉलेज पहुंचने पर मुख्य लिपिक अनुपम गोयल और शिक्षक गगन गर्ग ने उनका स्वागत किया। वर्ष 1969 में कॉलेज के छात्र रहे अतुल तायल इंटरमीडिएट में टॉपर रहे थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह वर्तमान में दिल्ली में निवास कर रहे हैं। उन्होंने कॉलेज से जुड़ी यादों को कैमरे में भी कैद किया और पुराने दिनों को याद कर भावुक हो उठे।










