डीएम व एसएसपी ने कोतवाली नगर और चिलकाना थानों का किया वार्षिक निरीक्षण

महिला हेल्प डेस्क के आवेदनों पर शत प्रतिशत फीडबैक लेने और गुंडा अधिनियम के मामलों में पैरवी तेज करने के निर्देश

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर । जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने शुक्रवार को थाना कोतवाली नगर और थाना चिलकाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानों के अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, कार्यालय और परिसर की साफ-सफाई का गहनता से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रों की स्थिति और थाना परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने थाना चिलकाना में महिला हेल्प डेस्क के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यहां प्राप्त सभी आवेदनों पर शत-प्रतिशत फीडबैक लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य महिला हेल्प डेस्क प्रभारी के साथ क्षेत्राधिकारी और एसएचओ की निगरानी में सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने थाना परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने, भोजनालय में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाली पड़ी जगहों की नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही थाने के सामने बसों के खड़े होने पर रोक लगाने तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि थाने के सामने की सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए।

थाना कोतवाली नगर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गुंडा अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में प्रभावी पैरवी करते हुए कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि त्यौहार रजिस्टर को स्वयं एसएचओ द्वारा नियमित रूप से अद्यतन किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा ड्यूटी के प्रति सतर्क और अनुशासित रहने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समय-समय पर फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य