अनाज मंडी में अवैध ट्रांसपोर्टरों का कब्जा, बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारी परेशान

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। शहर की अनाज मंडी में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंडी परिसर में अवैध रूप से संचालित हो रहे ट्रांसपोर्ट कारोबार के कारण यहां बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार रात चोरों ने जय दुर्गा राइस ट्रेड के गोदाम की दीवार तोड़कर चावल के कट्टे बाहर निकाल लिए, जिसके बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने रात के समय 62 फुटा रोड की ओर से गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर घुसपैठ की। पहले दो गोदामों में सेंध लगाने की कोशिश की गई, लेकिन तीसरे गोदाम जय दुर्गा राइस ट्रेड को निशाना बनाते हुए चोर बड़ी मात्रा में चावल के कट्टे बाहर निकालने में सफल हो गए। सड़क पर पड़े चावल के कट्टों को देखकर राहगीरों ने शोर मचाया, जिसके बाद चोर मौके से भागने लगे।

इसी दौरान कोतवाली मंडी क्षेत्र की मंडी चौकी के इंचार्ज ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और जान जोखिम में डालकर एक चोर को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पीछा करने के दौरान चौकी इंचार्ज को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद सुबह मंडी परिसर में व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। व्यापारियों का आरोप है कि मंडी में 19 सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद रात के समय अधिकांश गार्ड ड्यूटी पर दिखाई नहीं देते। कई गार्ड ट्रकों से अवैध वसूली करते नजर आते हैं। वहीं मंडी के पिछले हिस्से में पर्याप्त लाइट और सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था नहीं है, जिससे चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं।

व्यापारियों का कहना है कि मंडी परिसर में अवैध रूप से कई ट्रांसपोर्ट कंपनियां संचालित हो रही हैं, जबकि नियमों के अनुसार मंडी के अंदर केवल कृषि उपज से संबंधित गतिविधियां ही होनी चाहिए। मंडी के भीतर ट्रांसपोर्ट कारोबार होने से बाहरी लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।

सूत्रों का यह भी कहना है कि मंडी के अंदर ट्रांसपोर्टरों का संचालन कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है। यहां तक कि बाहर से फर्नीचर और अन्य सामान भी ट्रांसपोर्ट के माध्यम से मंडी परिसर में लाया जाता है, जबकि ऐसे सामान को मंडी के अंदर लाने की अनुमति नहीं है।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अवैध ट्रांसपोर्टरों के कारण मंडी का माहौल खराब हो गया है और अपराधियों को मौका मिल रहा है। उन्होंने प्रशासन और मंडी परिषद से अवैध ट्रांसपोर्टरों को तत्काल बंद कराने तथा मंडी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले भी दिनदहाड़े अनाज और चने के कट्टे चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से यह साफ संकेत मिल रहा है कि मंडी परिसर में सुरक्षा के अभाव के कारण चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य