शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर। प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं और छात्राओं को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना फतेहपुर से पहुंचीं महिला उपनिरीक्षक मिथिलेश ने महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव, महिला हेल्पलाइन 100, बाल विवाह रोकथाम सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और समाज के विकास में योगदान दे रही हैं।

शिक्षिका अंजली आर्य ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के निर्माण में माता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि माता ही बच्चों की पहली गुरु और भविष्य की निर्माता होती है।
कार्यक्रम के दौरान कांस्टेबल संगीता, बबीता, नीरज और शिवाराज ने भी महिलाओं को जागरूक रहने और बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चों की माताओं और अभिभावकों को सम्मानित किया गया तथा सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। बच्चों ने कार्यक्रम के दौरान सुंदर क्राफ्ट और रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन अंजली आर्य ने किया, जबकि अंत में प्रधानाध्यापक करण सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान नजराना, सुल्तान, रुचि, चमन, शबनम, सरिता सहित कई अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे।









