शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि थाना नकुड़ पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी स्मैक तस्कर और नेटवर्क के मुख्य सरगना कौशर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1 किलो 27 ग्राम अवैध स्मैक, दो मोबाइल फोन और 2600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए तीनों जनपदों में “ऑपरेशन सवेरा” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना नकुड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अम्बेहटा-गंगोह मार्ग पर रामसहायवाला गांव के गेट के पास से आरोपी कौशर पुत्र स्वर्गीय कामिल निवासी ग्राम घाटमपुर थाना नकुड़ को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना सदर बाजार, ननौता और गंगोह समेत कई मामलों में वांछित चल रहा था तथा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नकुड़ में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में सामने आया बड़ा नेटवर्क
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह वर्ष 2021 में 10 ग्राम स्मैक के मामले में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद कुछ समय अन्य काम किया, लेकिन कम कमाई होने के कारण वर्ष 2024 से फिर स्मैक का अवैध कारोबार शुरू कर दिया।
आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर बरेली से बड़े स्तर पर स्मैक मंगवाता था। इसके लिए उसका एक साथी कूरियर की तरह काम करता था और स्मैक गाजियाबाद स्थित उसके किराये के मकान तक पहुंचाता था। वहां से वह अपने दो सप्लायरों के माध्यम से घाटमपुर और आसपास के क्षेत्रों में इसकी बिक्री कराता था।
पहले भी कई बार पकड़ी जा चुकी है स्मैक
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में एंटी नारकोटिक्स टीम और ननौता पुलिस ने उसके पास से 713 ग्राम स्मैक पकड़ी थी। इसके अलावा 4.5 किलो स्मैक सदर बाजार पुलिस ने बरामद की थी और 300 ग्राम स्मैक गंगोह पुलिस ने पकड़ी थी। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
यह टीम रही शामिल
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक देवेन्द्र अधाना, वीर प्रताप सिंह, नितिन कुमार, वरणकार सिंह, अजीत सिंह, प्रवेश कुमार और विनीत तोमर शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ एसपी देहात सागर जैन सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार भी मौजूद रहे










