
शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। फिट इंडिया महिला सप्ताह 2026 और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालिका खिलाड़ियों के लिए विभिन्न खेल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान खिलाड़ियों को योग, सेल्फ डिफेंस और करियर काउंसलिंग की जानकारी दी गई तथा दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ और भारतीय खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में 6 से 8 मार्च 2026 तक यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि 6 मार्च को स्टेडियम में संचालित सभी खेलों की बालिका खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से योग कराया गया और खेलों में योग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

7 मार्च को बालिका खिलाड़ियों को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण दिया गया, जबकि 8 मार्च को न्यूट्रिशन, साइकोलॉजी और करियर काउंसलिंग सेशन आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ उनके भविष्य को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिका खिलाड़ियों के लिए दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मां शाकुंभरी देवी विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी डॉ. संदीप गुप्ता, सहायक प्रशिक्षक प्रवीण कुमार, लाल धमेंद्र प्रताप, पुनीत कुमार आर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









