शहरी चौपाल ब्यूरो
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह मुकदमा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष की तहरीर पर दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के लगभग 83 थानों में मौलाना के खिलाफ शिकायतें दी गई हैं। हिंदू संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बीजेपी पदाधिकारियों और छात्रों ने पुलिस को तहरीर देकर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। कई संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन किए जाएंगे।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद प्रदेश भर में नाराजगी बढ़ गई है। कई जिलों में लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए सख्त सजा देने की भी मांग उठाई।
इसी मामले को लेकर राजधानी लखनऊ में भी विरोध प्रदर्शन हुआ। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों और अधिवक्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए आरोपी मौलाना का पुतला जलाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी की मां के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना भारतीय समाज में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि पुलिस को इस मामले में तुरंत कठोर कदम उठाकर आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।








