शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या सपना कश्यप ने सर्किट हाउस सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त अभियान के समापन के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सपना कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पहले चरण में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत 10 नवजात बालिकाओं को बधाई पत्र और बेबी किट देकर उनके जन्म पर उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा जनपद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की टॉपर छात्राओं को डेमो चेक, सम्मान पत्र, टी-शर्ट और कैप प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना के लाभार्थियों को भी सम्मान पत्र वितरित किए गए।
दूसरे चरण में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम के समापन के तहत बाल विवाह की रोकथाम में सहयोग करने वाली महिलाओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के तीसरे चरण में सदस्या सपना कश्यप ने जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 13 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें 11 मामले पुलिस विभाग से संबंधित घरेलू हिंसा के, एक मामला पैसों के लेन-देन का और एक मामला शिक्षा विभाग से जुड़ा था।

जनसुनवाई के बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अजय कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुमन गौतम, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नगर निगम संगीता गुप्ता सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।








