शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में 14 व 15 मार्च को होने वाली उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा 2025 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने की, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन भी मौजूद रहे।
बैठक में जिला मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और नकलविहीन तरीके से कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ की तैनाती की जाए तथा सभी कार्मिक अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र अवश्य प्रदर्शित करें।

मनीष बंसल ने कहा कि सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और केंद्र पर्यवेक्षक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता, शुचिता और पारदर्शिता किसी भी स्तर पर भंग नहीं होनी चाहिए। यदि कोई ऐसा करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने रेलवे, रोडवेज और परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही होटल और धर्मशालाओं में ठहरने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा ई-रिक्शा आदि के किराए भी निर्धारित किए जाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का आवागमन होगा, इसलिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में यह परीक्षा 25 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा चार सत्रों में होगी, जिसमें पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। प्रश्नपत्रों को कोषागार से परीक्षा केंद्रों तक पुलिस अभिरक्षा में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, घड़ी, ब्लूटूथ, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों को केवल पेन, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी।
बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट संतोष बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, सभी उप जिलाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








