शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राज्य स्तर के निर्देशों के तहत जनपद में बुधवार को ‘नो-स्मोकिंग डे 2026’ मनाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के नेतृत्व में जनपद व ब्लॉक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सहित जनपद की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली हानियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू का सेवन न करने तथा अन्य लोगों को भी इसके उपयोग से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को तंबाकू उत्पादों का सेवन न करने और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल देव, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. धर्मवीर सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक खालिद हसन तथा एनटीसीपी की नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू का सेवन कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है, इसलिए लोगों को इससे दूर रहना चाहिए और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता बढ़ानी चाहिए।








