शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। स्टार पेपर मिल प्रांगण में बुधवार को 55वां राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मिल के कर्मचारी और उनके परिवारजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीपी वर्क्स आई. जे. सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संस्थान में कार्यरत सेफ्टी सर्कल और अन्य कर्मचारियों को कारखाने के अंदर और बाहर असुरक्षित कार्य पद्धतियों व संभावित खतरों को कम करने के लिए जागरूक किया।
आई. जे. सिंह ने कहा कि सभी विभागों के कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने कार्यस्थल को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें, ताकि कार्यस्थल पर बेहतर और दुर्घटनामुक्त वातावरण तैयार किया जा सके। उन्होंने कर्मचारियों से संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इससे शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान सेफ्टी विषय पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेफ्टी निबंध, पोस्टर, कविता और स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेफ्टी सर्कल्स को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सुरक्षा प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि आई. जे. सिंह ने किया। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ प्रबंधक, अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।








