शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर (सहारनपुर)। नगर पंचायत छुटमलपुर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी 15 वार्डों के बीच स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें वार्ड नंबर 3 ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। वहीं वार्ड नंबर 7 को द्वितीय और वार्ड नंबर 15 को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कमलाकांत राजवंशी ने विजेता वार्डों के सभासदों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
नगर पंचायत द्वारा 17 फरवरी से 12 मार्च तक चलाए गए इस स्वच्छता रैंकिंग अभियान का उद्देश्य नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान वार्डों का मूल्यांकन अपशिष्ट पृथक्करण, सफाई व्यवस्था और नागरिक सहभागिता समेत 12 प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया।
अधिशासी अधिकारी कमलाकांत राजवंशी और चेयरपर्सन शमा परवीन ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य नगर पंचायत को स्वच्छता के मानकों पर अग्रणी बनाना और वार्ड स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इसके तहत स्कूलों, संस्थाओं और आम नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा गया ताकि व्यापक स्तर पर जनजागरूकता फैलाई जा सके।

प्रतियोगिता में वार्ड नंबर 3 ने 150 में से 143 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वार्ड नंबर 7 को 117 अंक के साथ दूसरा तथा वार्ड नंबर 15 को 112 अंक के साथ तीसरा स्थान मिला। इसके अलावा वार्ड 13 आजाद कॉलोनी को 110 अंक, वार्ड 4 पूर्वी शिव विहार कॉलोनी को 109 अंक, वार्ड 6 खेड़ा कॉलोनी को 105 अंक, वार्ड 14 गुरु तेग बहादुर कॉलोनी को 104 अंक और वार्ड 11 अब्दुल कलाम कॉलोनी को 101 अंक प्राप्त हुए।
इसी प्रकार फतेहपुर भादो पश्चिम वार्ड 5 को 99 अंक, फतेहपुर भादो पूर्वी वार्ड 2 को 98 अंक, वार्ड 8 फतेहपुर भादो उत्तरी को 95 अंक, फतेहपुर भादो दक्षिणी वार्ड 1 को 93 अंक, वार्ड 10 सूरज विहार कॉलोनी को 92 अंक, वार्ड 12 चांद कॉलोनी को 91 अंक तथा वार्ड 9 हिंद विहार कॉलोनी को 80 अंक प्राप्त हुए।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड नंबर 3 के सभासद रजत राणा को अधिशासी अधिकारी कमलाकांत राजवंशी ने स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर पंचायत के कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।








