ईद से पहले ईदगाह व जामा मस्जिद क्षेत्र की समस्याएं दूर होंगी: नगर आयुक्त

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। ईद पर्व को देखते हुए ईदगाह और जामा मस्जिद कलां के आसपास सफाई, नाला, सीवर और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं के समाधान के लिए शहर काजी नदीम अख्तर, जामा मस्जिद प्रबंधक मौलवी फरीद और पार्षद व कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर ने पार्षद दल के साथ मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि से मुलाकात की। इस दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईद से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाएं।

बैठक में शहर काजी नदीम अख्तर ने बताया कि ईदगाह की दीवार के पास स्थित नाले से गंदा पानी अंदर आ रहा है, जिससे परेशानी हो रही है। उन्होंने नाले को आरसीसी कराने और उसकी सफाई कराने की मांग रखी। वहीं जामा मस्जिद प्रबंधक मौलवी फरीद ने नया बाजार क्षेत्र में सीवर की समस्या और स्ट्रीट लाइट की खराब व्यवस्था का मुद्दा उठाया।

पार्षद मंसूर बदर ने सुझाव दिया कि थाना कुतुबशेर से पुल कंबोह होते हुए खाता खेड़ी तक मुख्य मार्ग पर लगे स्ट्रीट लाइट पोल पर ईद से पहले तिरंगा लाइट लगाई जाए और वार्ड में बंद पड़ी करीब 70 स्ट्रीट लाइटों को चालू कराया जाए।

नगर आयुक्त शिपू गिरि ने निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल निगम और स्ट्रीट लाइट के अधिशासी अभियंताओं को मौके पर जाकर समस्याओं का निरीक्षण करने और ईद से पहले समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान पार्षद समीर अंसारी ने मानक मऊ क्षेत्र की समस्याएं, पार्षद रईस पप्पू ने ढोलीखाल स्थित कूड़ाघर और पार्षद सईद सिद्दीकी ने अरबी मदरसा क्षेत्र की सीवर और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। ईदगाह मैनेजर शाहिद जुबैरी ने भी ईदगाह के आसपास की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की मांग की।

बैठक में मौलाना अहमद, पार्षद जफर अंसारी, गुलजेब खान, इजहार मंसूरी, आसिफ अंसारी, महमूद हसन सहित कई पार्षद और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य