शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। कस्बे के राजकीय महिला महाविद्यालय में विश्व किडनी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को किडनी से संबंधित बीमारियों, उनके लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बृहस्पतिवार को महाविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग की ओर से कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को किडनी के स्वास्थ्य, उसके कार्य और उससे जुड़ी बीमारियों की रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जंतु विज्ञान विभाग के प्रभारी डा० रामकुमार ने कहा कि किडनी मानव शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, जो शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि अनियमित खान-पान, पर्याप्त मात्रा में पानी न पीना, अधिक नमक का सेवन और अस्वस्थ जीवनशैली किडनी रोगों के प्रमुख कारण हैं।
उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, संतुलित आहार लेना, नियमित व्यायाम करना और समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराना आवश्यक है। साथ ही यदि किडनी से संबंधित किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने किडनी स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका डा० रामकुमार ने सरल और वैज्ञानिक तरीके से उत्तर दिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राएं और विभागीय सदस्य उपस्थित रहे तथा सभी ने किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।








