शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी चैत्र नवरात्रि, ईद-उल-फितर, रामनवमी और महावीर जयंती जैसे प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी जुलूस मार्गों को गड्ढा मुक्त किया जाए, मेनहॉल पर ढक्कन लगाए जाएं तथा धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था बेहतर की जाए।
नगरायुक्त ने निगम अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए क्विक रिस्पांस सिस्टम तैयार किया जाए। साथ ही धार्मिक स्थलों के आसपास आवारा पशुओं के विचरण को रोकने के लिए आवारा पशु नियंत्रण दल का गठन किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर, मस्जिद और ईदगाह के आसपास नियमित साफ-सफाई, पेयजल और पथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ईद-उल-फितर के अवसर पर विशेष रूप से मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में नालियों और सड़कों की सफाई, ईदगाह के आसपास नमाज से पूर्व पानी और चूने का छिड़काव तथा मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगरायुक्त ने कहा कि जहां-जहां मेनहॉल खुले हैं वहां तुरंत ढक्कन लगवाए जाएं। विद्युत कटौती की स्थिति में निर्बाध जलापूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था रखने तथा बढ़ते तापमान को देखते हुए क्लोरीनयुक्त स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा धार्मिक स्थलों के आसपास बने सार्वजनिक शौचालयों व मूत्रालयों की नियमित सफाई रखने, आवश्यकता अनुसार मोबाइल शौचालय और पानी के टैंकर उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। उन्होंने निगम क्षेत्र की सभी सड़कों, विशेषकर धार्मिक स्थलों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढा मुक्त करने तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त ने धार्मिक स्थलों के आसपास अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने तथा शहर में उत्पन्न होने वाले कूड़े का समय से एकत्रीकरण कर उसे लैंडफिल साइट पर निस्तारित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।








