शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद (सहारनपुर)। पवित्र रमज़ान माह के दौरान आगामी अलविदा जुम्मा और ईद-उल-फितर को लेकर दारुल उलूम देवबंद के पेशकार मोहम्मद रिहान ने समस्त नमाजियों से शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि सभी नमाजी आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द की परंपरा को बनाए रखते हुए नमाज केवल निर्धारित स्थानों, मस्जिदों और ईदगाहों में ही अदा करें। सड़क, चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा करने से बचें, ताकि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और जनपद में कानून व्यवस्था बनी रहे।
मोहम्मद रिहान ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।
उन्होंने कहा कि अलविदा जुम्मा और ईद-उल-फितर के अवसर पर जनपद में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए, ताकि त्योहार का माहौल प्रेम, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाया जा सके।








