शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद में पशुओं के कथित अवैध कटान को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल के नेता ने गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन के नेता हिमांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध कटान का कारोबार लगातार जारी है, जबकि इसकी जानकारी होने के बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
शुक्रवार को देवी कुंड स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए हिमांशु मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पशुओं के कटान की अनुमति केवल अधिकृत स्लॉटर हाउस में ही दी है। उन्होंने दावा किया कि देवबंद में आज तक किसी भी स्लॉटर हाउस को आधिकारिक अनुमति नहीं मिली है, इसके बावजूद क्षेत्र में मीट की दुकानों पर मांस की आपूर्ति हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कोतवाली क्षेत्र की खानकाह पुलिस चौकी के इलाके में कुछ लोगों और कथित संरक्षण के चलते अवैध कटान का कारोबार चल रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि देवबंद क्षेत्र में गोवंश से जुड़ी घटनाएं भी बढ़ रही हैं और शिकायतों के बावजूद स्थानीय प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

हिमांशु मिश्रा ने बताया कि देवबंद क्षेत्र में लगभग 150 से 200 मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब नगर में कोई अधिकृत स्लॉटर हाउस नहीं है तो इन दुकानों तक मीट कैसे पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही सहारनपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अवगत कराया जाएगा।








