शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय सहारनपुर द्वारा वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जनपद स्तरीय जूनियर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, वॉलीबाल, हैंडबॉल, टेबल-टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी और कुश्ती जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं का आयोजन सहारनपुर के क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा के निर्देशन में तथा सहायक प्रशिक्षक बॉक्सिंग प्रवीन कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुबोध कुमार, उपजिलाधिकारी सदर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि विद्यार्थी शिक्षा और खेल दोनों में मन लगाकर मेहनत करें तो सफलता अवश्य मिलती है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता टीमें
क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने बताया कि जूनियर कबड्डी बालिका प्रतियोगिता में सरस्वती मंदिर स्कूल सहारनपुर की टीम विजेता रही, जबकि ढल्ला माजरा की टीम उपविजेता बनी। जूनियर वॉलीबाल बालिका प्रतियोगिता में हर्ष मॉडर्न पब्लिक स्कूल की टीम विजेता और ज्ञानकलश स्कूल की टीम उपविजेता रही।
जूनियर बास्केटबॉल बालिका प्रतियोगिता में केएलजी पब्लिक स्कूल की टीम विजेता रही, जबकि एथेनिया हाई स्कूल की टीम उपविजेता बनी। वहीं जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता में ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया और बीएएम इंटर कॉलेज की टीम उपविजेता रही।
एथलेटिक्स और कुश्ती में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
जूनियर एथलेटिक्स बालिका वर्ग में 100 मीटर दौड़ में मायरा ने प्रथम, श्रद्धा ने द्वितीय और मानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह विभिन्न दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट और डिस्कस थ्रो प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किए।
जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। 48 किलोग्राम वर्ग में कार्तिक प्रथम, 51 किलोग्राम वर्ग में सुशील कुमार प्रथम और 86 किलोग्राम वर्ग में वरदान कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। अन्य भार वर्गों में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रवीन कुमार सहायक प्रशिक्षक, ईश्वर पाल सिंह मुखिया, सुनील कुमार, डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, डॉ. संदीप कुमार गुप्ता, गौरव चौहान, संदीप पुंडीर, अलंकार किशोर सहित खेल संघों के पदाधिकारी और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।








