शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 14 मार्च 2026 को प्रस्तावित सहारनपुर दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल डॉ. रूपेश कुमार और पुलिस उप महानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने जिलाधिकारी मनीष बंसल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जनपद के अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और आम लोगों के लिए की जाने वाली सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सकुशल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो ।









