शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार को सहारनपुर के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ सिद्धपीठ मां शाकुम्भरी देवी मंदिर में दर्शन कर माता रानी का आशीर्वाद भी ले सकते हैं।
संभावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल समेत जनपद के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने बेहट रोड क्षेत्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। इसके साथ ही विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है, ताकि मुख्यमंत्री को योजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया जा सके।
अधिकारियों के साथ कर सकते हैं समीक्षा बैठक
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री जिले में पहुंचकर विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का अंतिम और आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल जिला प्रशासन कार्यक्रम की औपचारिक पुष्टि और विस्तृत कार्यक्रम जारी होने का इंतजार कर रहा है, वहीं संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।









