शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शनिवार को परीक्षा की प्रथम पाली के दौरान जिलाधिकारी सहारनपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने नगर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वारों की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की तैयारियों और अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया का गहनता से निरीक्षण किया। इसके साथ ही केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा पुलिस बल की तैनाती की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
केंद्रों पर चेकिंग व्यवस्था रही कड़ी
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो सके। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी में परीक्षा प्रक्रिया लगातार जारी रही।








