एलपीजी सिलेंडर को लेकर देशभर में हाहाकार, जमाखोरी के खिलाफ सरकार सख्त

कई राज्यों में छापेमारी, हजारों सिलेंडर बरामद; गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें

 

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। कई लोग अपनी नौकरी से छुट्टी लेकर सिलेंडर लेने के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कई बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

सरकार ने लोगों से घबराकर अधिक बुकिंग न करने की अपील की है, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर गैस की कमी की स्थिति बनी हुई है। इस बीच कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन देशभर में सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।

भोपाल में बड़ी कार्रवाई, हजारों सिलेंडर बरामद

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रशासन ने एक बंद पड़ी गैस एजेंसी पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। यहां पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने 668 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना रजिस्टर में दर्ज किए गए 1574 सिलेंडर भी पाए गए। बताया जा रहा है कि बंद पड़ी गैस एजेंसी संकट के समय महंगे दामों पर सिलेंडर बेच रही थी।

मुंबई में भी कालाबाजारी पर शिकंजा

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। वर्ली क्षेत्र में प्रशासन ने छापेमारी कर घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई के दौरान 5 किलो के 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। आरोप है कि यहां अवैध रूप से सिलेंडर भरकर बेचने का काम चल रहा था।

एलपीजी संकट के चलते मुंबई के कई बड़े रेस्टोरेंट्स को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है, जबकि कुछ होटल और ढाबे कोयले और लकड़ी के चूल्हों पर खाना बनाने को मजबूर हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश में प्रशासन अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुरादाबाद में जिलापूर्ति अधिकारी ने गैस एजेंसी पर छापेमारी कर अनियमितताओं के आरोप में गैस गोदाम को सील कर दिया। जांच के दौरान गैस बुकिंग और सिलेंडर वितरण में गड़बड़ी सामने आई।

नोएडा सहित कई शहरों में भी गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग सुबह से ही सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में भी छापेमारी

छत्तीसगढ़ सरकार ने भी एलपीजी संकट को देखते हुए राज्यभर में व्यापक अभियान चलाया है। विभिन्न जिलों में 102 स्थानों पर छापेमारी कर कुल 741 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इनमें से रायपुर में सबसे अधिक 392 सिलेंडर बरामद हुए हैं।

सरकार का कहना है कि संकट के समय जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं आम लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर अतिरिक्त गैस बुकिंग न करें और प्रशासन का सहयोग करें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य