शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उच्च न्यायालय इलाहाबाद और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर कैराना में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष इंदर प्रीत सिंह जोश ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी कैराना निधि भारद्वाज सहित जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारी, बैंक अधिकारी, अधिवक्ता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निस्तारण किया गया। प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय ब्रिजेश शर्मा ने 24 मामलों का निस्तारण किया, जबकि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) सुरेन्द्र राय द्वारा 175, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पोक्सो) सीमा वर्मा द्वारा 5 तथा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) रीटू नागर द्वारा 1 मामले का निस्तारण किया गया।
इसी प्रकार अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कैराना प्रशान्त सिंह द्वारा 1008, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आंचल कसाना द्वारा 1537, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कैराना आशीष काम्बोज द्वारा 848, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) दिव्या चन्द्रा द्वारा 980, न्यायिक मजिस्ट्रेट अमर प्रसाद द्वारा 1050, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कैराना अंकित त्यागी द्वारा 715 तथा अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) शिवानी चौधरी द्वारा 622 मामलों का निस्तारण किया गया।
इस प्रकार जनपद के विभिन्न न्यायालयों में कुल 7361 मामलों का निस्तारण करते हुए लगभग 74.54 लाख रुपये की धनराशि का समझौता कराया गया। वहीं राजस्व न्यायालयों में 1,89,852 मामलों का निस्तारण किया गया तथा बैंक से संबंधित 457 प्री-लिटीगेशन मामलों का निस्तारण करते हुए करीब 5.74 करोड़ रुपये की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया।
कुल मिलाकर राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से जनपद में 1,97,670 मामलों का निस्तारण किया गया, जिसमें लगभग 6 करोड़ 49 लाख रुपये से अधिक की धनराशि का समझौता कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव आंचल कसाना ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों तथा संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।









