शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को जनपद सहारनपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः सभाकक्ष में जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आम नागरिकों को सुलभ, त्वरित और सस्ता न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों से अपेक्षा की कि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर वादकारियों को लाभ पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवेन्द्र सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी तथा महासचिव पालम राणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डाला।
राष्ट्रीय लोक अदालत में आम नागरिकों के लिए नगर निगम की ओर से पेयजल व्यवस्था तथा मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई थी।
लोक अदालत के दौरान विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निस्तारण किया गया। दीवानी न्यायालय सहारनपुर से कुल 17,533 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि प्रशासनिक विभागों से संबंधित 4,37,406 मामलों का निपटारा हुआ। इसके अलावा बैंकों के ऋण से जुड़े 2,371 प्री-लिटीगेशन मामलों का भी निस्तारण कराया गया।
इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 4,57,310 मामलों का निस्तारण करते हुए लगभग 47 करोड़ 88 लाख 88 हजार 319 रुपये की धनराशि का समझौता कराया गया।
इस अवसर पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, बैंक और बीमा कंपनियों के अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन संपन्न हुआ।








