शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान जनपद में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का मंडलायुक्त रूपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान मंडलायुक्त रूपेश कुमार ने अंबाला रोड स्थित गुरु नानक इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया, जबकि जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने जेवी जैन इंटर कॉलेज तथा जयनारायण खेमका गर्ल्स इंटर कॉलेज, सहारनपुर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त रूपेश कुमार ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के प्रभारी भी मौजूद रहे।









