शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में अग्रोहा धाम दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं की बस को नगर पालिका परिषद चेयरमैन अरविंद संगल ने महाराजा अग्रसेन पार्क से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
चेयरमैन अरविंद संगल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन समाजवाद के प्रथम प्रणेता माने जाते हैं। उनका सिद्धांत “एक ईंट और एक रुपया” समाज में सहयोग, समानता और भाईचारे की भावना का अनूठा उदाहरण है। उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन के शासनकाल में जब भी कोई नया व्यक्ति राज्य में बसने आता था, तो राज्य का प्रत्येक नागरिक उसे एक ईंट और एक रुपया देकर उसकी मदद करता था, जिससे वह अपना घर बनाकर सम्मानपूर्वक जीवन शुरू कर सके। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने वसुधैव कुटुंबकम की भावना को अपने शासन और जीवन का मूल आधार बनाया।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नगर अध्यक्ष सुधीर सिंगला ने बताया कि इस यात्रा में करीब 50 अग्रवाल समाज के लोग अग्रोहा धाम के लिए रवाना हुए हैं। वहां पहुंचकर सभी श्रद्धालु माता लक्ष्मी शक्तिपीठ और महाराजा अग्रसेन के दर्शन करेंगे और इसके बाद वापस लौटेंगे।
बस रवाना होने के दौरान लाला शिवचरण दास संगल, मनीष भटनागर, अनिल बंसल, मनोज मित्तल, संजय बंसल, संजय गोयल, रविंद्र गोयल, वेद प्रकाश संगल, सुनील संगल, अनिल कुमार, देवेश तायल, सुरेश चंद्र गर्ग, नरेंद्र अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।








