शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर), । नकुड़ चैत्र नवरात्रि पर्व 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हो रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र के मंदिरों में भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और मंदिरों को सजाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
शिव मंदिर के पुजारी पंडित वीरेंद्र दीक्षित ने बताया कि 19 मार्च को प्रातः 6 बजकर 54 मिनट तक अमावस्या रहेगी। इसके बाद कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त प्रातः 6 बजकर 55 मिनट से 7 बजकर 43 मिनट तक रहेगा। इसके अतिरिक्त 7 बजकर 43 मिनट से 8 बजकर 6 मिनट तक भी कलश स्थापना का उत्तम समय रहेगा। वहीं अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11 बजकर 49 मिनट से 12 बजकर 38 मिनट तक रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष रौद्र नाम संवत्सर रहेगा, जिसमें बृहस्पति राजा और मंगल मंत्री होंगे। नवरात्रि के दौरान भक्तजन मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।
पर्व को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पूजन सामग्री, फल, फूल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है।
वहीं दूसरी ओर आगामी ईद-उल-फितर को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि दोनों पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।









