ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने पर जोर

निर्बाध बिजली, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । सहारनपुर ईद-उल-फितर के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में शांति समिति, आयोजकों, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों तथा संभ्रांत नागरिकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि सहारनपुर की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे से है, जिसे हर हाल में बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी धर्म शांति और सद्भाव का संदेश देते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने या किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने से बचना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईद के अवसर पर निर्बाध विद्युत व पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास विशेष साफ-सफाई रखी जाए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को समय रहते अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए ।

जिलाधिकारी ने धार्मिक गुरुओं से अपील की कि नमाज अपने-अपने क्षेत्र की मस्जिदों और ईदगाहों में ही अदा कराई जाए तथा उनकी क्षमता के अनुसार ही व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी को असुविधा न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के किसी भी संदेश को साझा न करें और अफवाहों से दूर रहें।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें कर स्थानीय समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को भी कहा गया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त शिपू गिरी, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात सागर जैन, अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह, सलिल कुमार पटेल, विनोद कुमार मीणा, राम आसरे वर्मा, कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य