शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर,। सहारनपुर शहर में विकास और स्वच्छता को बढ़ावा देने में आईटीसी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। यह बात नगरायुक्त शिपू गिरि ने आईटीसी के बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित ‘आईटीसी जनप्रभाव उत्सव’ के दौरान कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगरायुक्त ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि सहारनपुर और ITC Limited के बीच लंबे समय से सहयोग का संबंध रहा है और कंपनी ने शहर के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
नगरायुक्त ने बताया कि आईटीसी द्वारा नगर निगम के साथ मिलकर विकसित किया गया डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन मॉडल अन्य नगर निगमों के लिए अनुकरणीय बन चुका है और इसकी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में सहारनपुर के बेहतर प्रदर्शन में भी आईटीसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
समारोह में आईटीसी ने अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रमों के तहत किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों को आकर्षक स्टॉल के माध्यम से प्रदर्शित किया। इनमें स्मार्ट विलेज, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कौशल विकास तथा शिक्षा से वंचित बच्चों को पुनः जोड़ने जैसी योजनाएं प्रमुख रहीं।
इस दौरान आईटीसी के मानव संसाधन प्रमुख वी. त्रिनाथ और गिरिराज शाह ने कहा कि यह आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव और जनजागरूकता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट विनोद कुमार मीणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन मयंक पाण्डेय ने किया।








