शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । सहारनपुर हिंदू जागरण मंच पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर को वापस लेने की मांग की है। उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए प्रशासन से अविलंब निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की।
शास्त्री नगर स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कहा कि शाकंभरी मेले को लेकर हिंदू संगठनों द्वारा उठाई गई मांगों के संबंध में एफआईआर दर्ज करना और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि 19 मार्च से शुरू हो रहे हिंदू नववर्ष प्रतिपदा और शाकंभरी देवी नवरात्रि मेले के दौरान धार्मिक परंपराओं और आस्था का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत और पूजा-अर्चना करते हैं, ऐसे में मेले में शुचिता और स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है। खाद्य सामग्री की व्यवस्था भी श्रद्धा और परंपरा के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी प्रशासन से मांग की कि दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए और कार्यकर्ताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
इस अवसर पर सुरेंद्रपाल सिंह, मांगेराम त्यागी, रामदीप बंसल, धर्मपाल कश्यप, रजत गोयल, कुलदीप राणा, प्रताप सिंह, सन्नी और शिवम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








