शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति फेज-5’ अभियान के तहत नारी सशक्तिकरण की अनूठी पहल थाना नकुड़ में देखने को मिली। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण कराया गया, जहां 8वीं कक्षा की छात्रा सोनाक्षी को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया।
थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते ही सोनाक्षी के चेहरे पर आत्मविश्वास और उत्साह साफ झलकने लगा। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान एक फरियादी की समस्या सुनी और उसके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। इस अनुभव ने छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता को नई दिशा दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी रूचि गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सोनकर और मिशन शक्ति प्रभारी मनवीरी ने छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं ने पुलिस के मित्रवत व्यवहार की सराहना करते हुए इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। भ्रमण के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ और पुलिस कर्मी भी उपस्थित रहे।








