शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम द्वारा वार्ड 33 प्रेमनगर स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं वेद मंत्रोच्चार के साथ किया। इस सड़क निर्माण पर लगभग 15 लाख रुपये की लागत आएगी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने महापौर का स्वागत फूल मालाओं से किया। इसके बाद महापौर ने गैंती चलाकर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सड़कों और नालियों का निर्माण किसी भी क्षेत्र के बुनियादी ढांचे की रीढ़ होता है, जो समग्र विकास, स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि के द्वार खोलता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम “एक कदम विकास की ओर, अंधेरे ठहराव से प्रकाश की ओर” के संकल्प के साथ लगातार शहर में सड़कों, नालियों और पुलियों का निर्माण कार्य करा रहा है।
महापौर ने बताया कि इस सड़क के बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष जोगिंदर लाला, मंडल महामंत्री जयवीर खटाना, पार्षद प्रतिनिधि संदीप चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








