शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में एक दिवसीय पीएम श्री विद्यालयों की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन जास्टल मिनी स्टेडियम, जोगियान पुल पर बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी एवं नगर विधायक राजीव गुंबर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई गई तथा गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज किया गया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमारी कोमल, खंड शिक्षा अधिकारी नगर योगेश शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी बलियाखेड़ी सुरेश त्यागी, जिला व्यायाम शिक्षक रवींद्र पंवार सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय रामखेड़ी के निशांत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 100 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय जाटोवाला (साढ़ोली कदीम) के लवीश और 200 मीटर दौड़ में कन्या रामपुर के हुजैफा ने बाजी मारी। लंबी कूद में प्राथमिक विद्यालय टिपरा रामपुर के हिमांशु ने प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय तल्हेड़ी की टीम विजेता रही।
वहीं बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय भोजपुर नानौता की मानवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर दौड़—तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कबड्डी में प्राथमिक विद्यालय तल्हेड़ी बुजुर्ग की टीम विजेता रही। जूनियर वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय नूनाबड़ी, देवबंद की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य को भी नई दिशा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सहारनपुर हरियाणा और पंजाब की सीमाओं से सटा होने के कारण यहां के बच्चों में खेल प्रतिभा की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें सही दिशा और प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन गोपाल शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री वैभव चौहान, जिला मंत्री रजनीश सहगल, गौरव सिंघल, विनय, शिवकुमार चौधरी, अमित, अरुण, जगवीर, मोहित राणा, प्रमोद वशिष्ठ, अशोक राणा, विनोद, कविंद्रपाल, श्रद्धा वर्मा, पूजा सैनी, प्रीति शर्मा सहित व्यायाम शिक्षकों, अध्यापकों एवं अभिभावकों का सराहनीय सहयोग रहा।








