अमित उपाध्याय
चिलकाना। कस्बे के बस स्टैंड स्थित मां देवी बाला सुंदरी मंदिर परिसर में गुरुवार को नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय एकता विशाल दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
दंगल की शुरुआत अयोध्या के बाबा अजितदास और मुगल माजरा के अरुण पहलवान के बीच मुकाबले से हुई, जिसमें बाबा अजितदास ने शानदार जीत दर्ज की। इसके बाद पंजाब के मौसम अली पहलवान ने केरल के कुम्भकर्ण पहलवान को हराकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया।
एक अन्य मुकाबले में सरसावा के बंटी पहलवान ने गाजीपुर के राहुल यादव को पराजित किया। वहीं हरियाणा के संजू पहलवान ने गंगानगर के ठाकुर जल्लाद सिंह को हराकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
केरल के कुम्भकर्ण और चिलकाना के दिलशाद पहलवान के बीच हुआ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जो करीब सात मिनट तक चला और अंततः बराबरी पर समाप्त हुआ। दंगल की अंतिम और सबसे आकर्षक कुश्ती पंजाब के मौसम अली और मुजफ्फरनगर के टाइगर पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया और लगभग दस मिनट तक चले इस मुकाबले का भी कोई परिणाम नहीं निकल सका और इसे बराबरी घोषित किया गया।
दंगल के दौरान पूरा वातावरण उत्साह और जोश से भरा रहा। दर्शकों ने हर मुकाबले में पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सोनू सिंघल, तेजपाल प्रधान, रेफरी सद्दाम अली, इरशाद पहलवान, मोहम्मद अली, हाजी मंसूर, इस्लाम प्रधान, शमशाद पहलवान (देवबंद) और शमशेर पहलवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








