शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। तेलीपुरा स्थित कृष्णा कॉलेज में एलएलबी छात्रों से प्रैक्टिकल के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण को लेकर सपा पार्षद फहद सलीम ने सोमवार को मां शाकंभरी विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति से मुलाकात की और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कॉलेज प्रशासन द्वारा एलएलबी के छात्रों से प्रैक्टिकल के नाम पर अनुचित रूप से धनराशि वसूली जा रही है, जो नियमों के खिलाफ है। पार्षद फहद सलीम का कहना है कि इस प्रकार की अवैध वसूली से छात्रों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलपति ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच समिति गठित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही संबंधित कॉलेज के खिलाफ विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान फहद सलीम ने कहा कि छात्रों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर होने वाली अनियमितताओं को खत्म करना बेहद जरूरी है और जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर पूरी मजबूती के साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने बताया कि यह मामला छात्रों की शिकायत के आधार पर सामने आया है और इसे प्राथमिकता के साथ उठाया गया है। उनका कहना है कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को लगातार उठाया जाएगा।
मौके पर चौधरी आसिफ, एलएलबी छठे सेमेस्टर के छात्र शाहबाज पुत्र मोहम्मद अनवर सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।








