अरविंद कौशिक
शामली। नगर पालिका परिषद शामली में सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शासन द्वारा नामित पांच सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उपजिलाधिकारी अर्चना शर्मा ने सभी नामित सदस्यों को शपथ दिलाते हुए उनके दायित्वों का बोध कराया।
शासन द्वारा प्रदेश की नगर निगमों, नगर पालिकाओं और पंचायतों में नामित सभासदों की सूची जारी की गई थी, जिसके अंतर्गत शामली नगर पालिका में भी पांच सभासद नामित किए गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका सभागार में आयोजित इस समारोह में सभी सभासदों ने विधि द्वारा स्थापित संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पालिका सभागार समर्थकों, परिजनों और आमंत्रित अतिथियों से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका चेयरमैन अरविन्द संगल ने की। उन्होंने सभी नामित सभासदों का फूलमालाओं और बुके भेंट कर स्वागत किया तथा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप ने कहा कि यह पार्टी के लिए गर्व का विषय है कि समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं को नगर पालिका में प्रतिनिधित्व का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि आज वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
पूर्व विधायक तेजेन्द्र निर्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि नगर पालिका का बोर्ड एक परिवार की तरह होता है और नए सदस्यों के जुड़ने से यह परिवार और मजबूत हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि चेयरमैन अरविंद संगल के नेतृत्व में शामली नगर पालिका विकास के नए आयाम स्थापित करेगी और शहर को सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
वहीं सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने सभी नामित सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल मिलकर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं और आने वाले समय में भी यह सहयोग जारी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी द्वारा किया गया। इस दौरान भाजपा, लोकदल और अन्य संगठनों के पदाधिकारी, सभासद, प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही नगर पालिका परिषद शामली के नए बोर्ड ने शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।








