शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिले के उभरते मुक्केबाज अनिक बाबरा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंडर-15 राष्ट्रीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में स्थान बनाया है। यह शिविर पुणे में आयोजित हो रहा है, जहां देशभर के चुनिंदा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस राष्ट्रीय शिविर में अनिक बाबरा देश के अनुभवी और दिग्गज प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बॉक्सिंग की बारीकियों को सीख रहे हैं। उनके चयन से न केवल सहारनपुर बल्कि पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
बॉक्सिंग कोच प्रवीन कुमार ने बताया कि अनिक की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पटियाला में आयोजित चयन ट्रायल में अनिक ने शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया, जिसके आधार पर उन्हें इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कैंप के लिए चुना गया।
अनिक बाबरा इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने मथुरा में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि ग्रेटर नोएडा में हुई अंडर-15 सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
यह राष्ट्रीय विशेष प्रशिक्षण शिविर 16 अप्रैल से शुरू होकर 30 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।
वर्तमान में अनिक बाबरा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच प्रवीन कुमार के निर्देशन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अमित जैन, सचिव रितु रानी सहित खेल जगत से जुड़े अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अनिक बाबरा की यह सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सपना देख रहे हैं।







