सहारनपुर में अघोषित बिजली कटौती पर विधायक राजीव गुंबर सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश

सहारनपुर में अघोषित बिजली कटौती को लेकर विधायक राजीव गुंबर ने बिजली विभाग अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्मी में फॉल्ट और ओवरलोड की समस्याओं पर हुई चर्चा।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर नगर विधायक Rajiv Gumbar ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनता की समस्याओं को गंभीरता से उठाया। उन्होंने घंटाघर स्थित बिजलीघर पहुंचकर अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता और टेक्निकल अधिकारियों से वार्ता की तथा शहरवासियों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नगर में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की शिकायतों को देखते हुए विधायक राजीव गुंबर स्वयं बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में अघोषित विद्युत कटौती किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बिजली बंद रहने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए विभाग को तत्काल प्रभाव से व्यवस्था सुधारनी होगी।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी क्षेत्र में मरम्मत कार्य, लाइन शिफ्टिंग या तकनीकी कार्य के कारण बिजली बंद करनी पड़े तो उसकी सूचना पहले से जनता को दी जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य ऐसे समय में किए जाएं जिससे लोगों को न्यूनतम असुविधा हो।

बैठक के दौरान नगर निगम के ट्यूबवेल कनेक्शनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने कहा कि नगर निगम द्वारा संबंधित शुल्क जमा कराया जा चुका है, इसलिए लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन तुरंत जारी किए जाएं ताकि शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो। उन्होंने नए बिजली कनेक्शन के लंबित आवेदनों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने विधायक को जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल बिजली की उपलब्धता में कोई कमी नहीं है, लेकिन अत्यधिक गर्मी और बढ़े हुए लोड के कारण ट्रांसफार्मरों और लाइनों पर दबाव बढ़ गया है। इसी वजह से कई स्थानों पर फॉल्ट की समस्या सामने आ रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी तकनीकी खराबियों को तेजी से दूर कराया जा रहा है और विद्युत आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और बिजली जैसी आवश्यक सेवा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाए तथा फील्ड कर्मचारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।

स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई कि विधायक की पहल के बाद शहर में बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को गर्मी के मौसम में राहत मिल सकेगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य