शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मंदिर पुजारी विजय शास्त्री के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में रविवार को सहारनपुर में ब्राह्मण समाज, पुजारियों और सवर्ण समाज के लोगों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान श्रद्धालुओं और समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया।
सुबह से ही शहर और देहात क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों से पुजारी, धर्माचार्य और समाज के लोग हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान पर एकत्रित होने लगे। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग जुलूस के रूप में एसएसपी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन में शामिल लोगों के हाथों में धार्मिक झंडे और तख्तियां थीं, जबकि कई लोग भगवा दुपट्टा और माथे पर तिलक लगाए हुए नजर आए।
प्रदर्शनकारियों ने सहारनपुर एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि मंदिर पुजारी विजय शास्त्री के खिलाफ दर्ज एससी-एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के मुकदमों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि जांच में आरोप गलत पाए जाते हैं तो झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने भीम आर्मी के खिलाफ भी नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के कारण पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित कराया।
पुलिस के अनुसार मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित शिव मंदिर से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि मंदिर परिसर में मौजूद पुजारी विजय पंडित उर्फ विजय शास्त्री पर गांव की 10 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
हालांकि आरोपी पक्ष और प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है और पुजारी को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उनका दावा है कि निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।
प्रदर्शन में राहुल शर्मा, सुनील गुप्ता, अरुण राणा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, गोकर्णनाथ शर्मा, राहुल लखनपाल शर्मा, विजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज और अन्य वर्गों के लोग मौजूद रहे। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









