सहारनपुर में सिख सामाजिक न्याय यात्रा का भव्य स्वागत, राजनीतिक भागीदारी और अधिकारों पर हुआ मंथन

सहारनपुर में सिख सामाजिक न्याय यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। बैठक में सिख समाज की राजनीतिक भागीदारी, अधिकारों और 2027 चुनाव में भूमिका को लेकर चर्चा हुई। अभिषेक टिंकू अरोड़ा और सरदार कुलदीप सिंह भुल्लर ने समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। पूरे उत्तर प्रदेश में भ्रमण कर रही सिख सामाजिक न्याय यात्रा का सहारनपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा और उनकी टीम द्वारा यात्रा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान सिख समाज के अधिकारों, राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

घंटाघर स्थित एक सभागार में आयोजित बैठक का शुभारंभ शेरे पंजाब महाराजा रणजीत सिंह और क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार हरेंद्र कपूर ने की। बैठक में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग एवं समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं सिख सामाजिक न्याय यात्रा के संयोजक सरदार कुलदीप सिंह भुल्लर, राष्ट्रीय सचिव समाजवादी पार्टी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सिख समाज की संख्या कई क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका निभाती है, लेकिन राजनीतिक स्तर पर समाज को वह प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया जिसकी अपेक्षा की जाती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लगभग 120 विधानसभा सीटों पर सिख समाज प्रभावी भूमिका निभा सकता है और आने वाले समय में समाज को अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के प्रति अधिक जागरूक होना होगा।

उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल सिख समाज को सम्मान और उचित हिस्सेदारी देगा, समाज उसी दिशा में अपना समर्थन देने पर विचार करेगा। उन्होंने सिख समाज से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि सहारनपुर में सिख समाज हमेशा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रहा है, लेकिन सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी के मामले में समाज को अपेक्षित स्थान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि केवल वोट लेने की राजनीति से समाज का भला नहीं होगा, बल्कि युवाओं को रोजगार और राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व भी मिलना चाहिए।

अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सिख समाज पहले अपने हितों और समाज की एकजुटता को प्राथमिकता देगा। इसके बाद ही किसी राजनीतिक दल के समर्थन पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक अवसरों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

बैठक में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सरदार अमर सिंह, परमजीत सिंह भुल्लर, प्रेम सिंह, हरविंदर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष पिछड़ा प्रकोष्ठ वजेश कुमार इंजीनियर, जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, सरदार गुरविंदर बजाज, सरदार हरनीत सिंह, राजू, अमनप्रीत, मनजोत सिंह, गिन्नी सिंह, चरनप्रीत सिंह, रिंकू, कालू, जसप्रीत सिंह जस्सी, साहब सिंह, पिंकू और जोगिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान समाज में एकता, राजनीतिक जागरूकता और सामाजिक सम्मान को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य