शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के तत्वावधान में व्यापार भवन, रेलवे रोड पर व्यापारियों एवं पुलिस प्रशासन के बीच एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों की सुरक्षा, बाजारों की समस्याओं, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा ने की। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल हमेशा समाज और व्यापारिक हितों के लिए कार्य करता रहा है। व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से इस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, ताकि बाजारों में उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
महानगर वरिष्ठ महामंत्री सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि प्रत्येक बाजार के पदाधिकारियों का अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों से सीधा संपर्क होना चाहिए। इससे किसी भी समस्या का तत्काल समाधान संभव होगा। उन्होंने शांति समिति की सूची को अद्यतन करने तथा वर्तमान बाजार अध्यक्षों एवं महामंत्रियों को उसमें शामिल करने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह तथा सदर बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रसेन सैनी उपस्थित रहे। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों का माल्यार्पण एवं पटका पहनाकर स्वागत किया।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका सुरक्षित वातावरण में व्यापार करना आवश्यक है। अधिकारियों ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा नकदी के लेन-देन में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।
संवाद के दौरान व्यापारियों ने बाजारों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। पुलिस अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल एवं विभिन्न बाजार संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।








