शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर,। सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब क्षेत्र अभी भी खराब मौसम और पहाड़ी इलाकों से लगातार आ रहे पानी के कारण संवेदनशील बना हुआ है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
गौरतलब है कि चार दिन पूर्व गुरुवार रात आई तेज आंधी, मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी वर्षा के कारण शाकंभरी क्षेत्र में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। नदी और बरसाती नालों में तेज बहाव आने से कई वाहन पानी की चपेट में आ गए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग 10 से 12 वाहन बह गए थे, जबकि इस हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य विभागों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर लगभग 3:35 बजे मां शाकंभरी देवी क्षेत्र स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। संभावना है कि वे प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। बेहट, बरौली, कलसिया, जसमौर और भूरादेव सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है। जसमौर तिराहे को अंतिम पड़ाव बनाया गया है, जहां से श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को वापस लौटाया जा रहा है। मंदिर क्षेत्र से लगभग सात किलोमीटर पहले ही प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
मुख्यमंत्री के दौरे से पूर्व रविवार को मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर मार्ग, श्रद्धालु मार्ग, पार्किंग स्थल, नदी तट और भूरादेव क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा और राहत कार्यों की समीक्षा की। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा होने के कारण लगातार पानी का प्रवाह बना हुआ है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फिलहाल मां शाकंभरी देवी मंदिर के कपाट आम दर्शनार्थियों के लिए बंद रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार जलस्तर और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन के अनुसार यदि मौसम अनुकूल रहता है और जलस्तर सामान्य स्थिति में आता है तो मंगलवार से मंदिर में दर्शन व्यवस्था पुनः शुरू की जा सकती है। हालांकि अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री के दौरे और प्रशासनिक समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और गति मिलेगी तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं श्रद्धालु भी मंदिर के कपाट खुलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे एक बार फिर मां शाकंभरी देवी के दर्शन कर सकें।








