विश्व पर्यावरण दिवस पर रेलवे पेंशनर्स समाज ने किया वृक्षारोपण, संरक्षण का लिया संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस पर रेलवे पेंशनर्स समाज सहारनपुर ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। संगोष्ठी में जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रदूषण नियंत्रण पर जोर दिया गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेलवे पेंशनर्स समाज (पंजीकृत), सहारनपुर द्वारा रेलवे कॉलोनी स्थित संस्था कार्यालय पर वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं पर्यावरण संरक्षण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा प्रकृति के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रेलवे सहायक मंडल अभियंता मनीष धवन ने कहा कि विकास के नाम पर हो रही अंधाधुंध वृक्ष कटाई, कंक्रीट के जंगल, ईंधन चालित वाहनों की बढ़ती संख्या तथा वातानुकूलित उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति विकास नहीं बल्कि विनाश का संकेत है। यदि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है तो अधिक से अधिक वृक्ष लगाने होंगे और प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करना होगा।

वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य) पंकज कुमार ने कहा कि लगातार वृक्षों की कटाई के कारण वर्षा का स्तर प्रभावित हुआ है, जिससे पारंपरिक जल स्रोत सूखते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और जल संकट के पीछे पर्यावरण असंतुलन एक प्रमुख कारण है। लोगों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जागरूकता पैदा करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने जल संरक्षण और जल प्रदूषण रोकने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

वरिष्ठ खंड अभियंता (विद्युत) हर्षवर्धन ने कहा कि वृक्षों के समाप्त होने से न केवल हरियाली कम होगी, बल्कि पक्षियों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि कागज और टिशू पेपर के अत्यधिक उपयोग से भी वृक्षों का कटान बढ़ता है, इसलिए इनके उपयोग में संयम बरतना चाहिए। साथ ही ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए भी लोगों को जागरूक होना होगा।

संस्था के संस्थापक आर.सी. शर्मा ने अतिथियों को स्कंध वस्त्र एवं संस्था की पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से प्रकृति संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष जे.एन. शर्मा, महामंत्री एन.एस. चौहान, कोषाध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा, मूलचंद रौगड़ा, स्वतंत्र भारद्वाज, इकबाल अजीम, देवेंद्र कुमार, अमरनाथ त्यागी, इंद्रजीत कुमार, विजय त्यागी, निसार अहमद, विजय तलवार, संजीव छावड़ा, आर.के. धीगड़ा, अशोक शर्मा, अजय शर्मा, अजीत राणा, प्रदीप गिलोत्रा, जयदेव सिंह, अमरनाथ, मीना कटारिया, बलजीत जायसवाल, वेद प्रकाश सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य