शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी 14 जून को आयोजित होने वाली प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक कर परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नकल कराने अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए शीतल पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग कर्मियों की तैनाती की जाए तथा परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त सभी अधिकारी एवं कर्मचारी फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की समुचित जानकारी दी जाए तथा भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सभी नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने रेलवे, रोडवेज एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही होटल, धर्मशाला एवं ई-रिक्शा संचालकों द्वारा निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं केंद्र पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जनपद के 21 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली यह परीक्षा प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा में कुल 9207 अभ्यर्थी शामिल होंगे। समीक्षा बैठक में एसपी सिटी व्योम बिंदल, समस्त उप जिलाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। :::








