एनसीसी एटीसी-257 शिविर में पीटी, ड्रिल और फायरिंग अभ्यास का शुभारंभ, ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पी.एस. झांगू ने किया निरीक्षण

सहारनपुर में 26 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के एटीसी-257 शिविर का शुभारंभ पीटी, ड्रिल एवं फायरिंग अभ्यास के साथ हुआ। ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पी.एस. झांगू ने शिविर का निरीक्षण कर कैडेट्स को राष्ट्रसेवा और नेतृत्व के लिए प्रेरित किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। 26 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-257) का शुभारंभ गुरुवार को प्रातःकालीन पीटी, ड्रिल एवं फायरिंग अभ्यास के साथ हुआ। शिविर के पहले दिन कैडेट्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया।
शिविर के दौरान पूर्व सेना अधिकारी, आर्मर्ड कोर के पूर्व युद्ध वीर (एक्स-वॉर वेटरन), प्रख्यात लेखक एवं प्रेरक वक्ता कैप्टन प्रवीण डावर (सेवानिवृत्त) ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम विषय पर प्रेरणादायी व्याख्यान दिया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों, महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान तथा देश की आजादी के लिए किए गए संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से भारत विभाजन और उसके सामाजिक एवं राजनीतिक प्रभावों का उल्लेख करते हुए बताया कि इन परिस्थितियों ने स्वतंत्रता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाया।
कैप्टन डावर ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए भारतीय सैनिकों के साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के प्रेरक प्रसंग सुनाए। उन्होंने कैडेट्स को भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया।
व्याख्यान के उपरांत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम विषय पर क्विज प्रतियोगिता एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दिन का मुख्य आकर्षण मेरठ ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पी.एस. झांगू, सेना मेडल का शिविर दौरा रहा। उन्होंने शिविर की विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा कैडेट्स के साथ संवाद कर उनके अनुभवों और प्रशिक्षण की जानकारी प्राप्त की। अपने संबोधन में उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रसेवा एवं व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
ब्रिगेडियर झांगू ने शिविर के सफल संचालन की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति जैसे गुण विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सायंकालीन सत्र में कैडेट्स ने खेल गतिविधियों, टेंट पिचिंग अभ्यास एवं फायरिंग प्रशिक्षण में भाग लिया। शिविर में कैडेट्स को नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से निरंतर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न सैन्य, शैक्षिक एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे कैडेट्स को भविष्य में बेहतर नेतृत्वकर्ता और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा मिलेगी। :::

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य